Dhanbad News : राइट एंड राइज’ से शिक्षा को बढ़ावा, JCI ने बच्चों के लिए लॉन्च की किफायती नोटबुक
Dhanbad News : बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को राहत देने की दिशा में जेसीआई चिरकुंडा-बराकर अध्याय ने एक नई पहल की है। शनिवार को कुमारधुबी क्लब में संस्था के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘राइट एंड राइज’ के तहत जेसीआई ब्रांडेड नोटबुक लॉन्च की गई।
Dhanbad News : कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को किफायती दर पर बेहतर गुणवत्ता की नोटबुक उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ाना है। नोटबुक का शुभारंभ मुख्य अतिथि जेसीआई जोन चेयरमैन मुकुल अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि जेसीआई इंडिया जोन-3 के सेक्रेटरी उमंग राजवंशी, अध्याय अध्यक्ष कृति गोयल सहित नूपुर अग्रवाला, अजय शर्मा, राहुल खरकिया, मुदित सिंघल, अमित खरकिया, पूनम खरकिया, अभिषेक गढ़यान एवं अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।
लॉन्च के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि सरकारी स्कूलों के साथ-साथ छोटे निजी स्कूलों में बड़ी संख्या में कम आय वर्ग के बच्चे पढ़ते हैं। ऐसे परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई से जुड़ा खर्च कई बार चुनौती बन जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ‘राइट एंड राइज’ अभियान की शुरुआत की गई है।
संस्था के अनुसार, बच्चों को अनुदानित दर पर नोटबुक उपलब्ध कराने से अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री आसानी से मिल सकेगी। साथ ही, इस पहल के जरिए संस्था की पहुंच घर-घर तक बनाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि मुकुल अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि उमंग राजवंशी ने जेसीआई चिरकुंडा-बराकर अध्याय की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट की उपयोगिता को देखते हुए इसे जेसीआई के राष्ट्रीय प्रोजेक्ट में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा।