गोविंदपुर में युवक की हत्या से सनसनी, गिरफ्तारी नहीं तो थाना घेराव
धनबाद के गोविंदपुर में अपराधियों के बढ़ते हौसले ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमलाटांड़ पंचायत समिति सदस्य अब्दुल रशीद उर्फ राजू के 18 वर्षीय बेटे सादिक अंसारी की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। गुरुवार को सहरजोड़ी जंगल से सादिक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पहचान होने के बाद रविवार देर शाम जब शव गांव पहुंचा, तो अमलाटांड़ गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।इस जघन्य हत्या की घटना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

जिला परिषद सदस्य सोहराब अंसारी और JLKM नेता एखलाख अंसारी ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ गोविंदपुर थाना का घेराव किया जाएगा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।