हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार रंजीत डे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कांड्रा निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के कारण इलाके में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आकृष्ट अमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि प्रदर्शनकारी मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और जाम हटाने की कोशिश जारी है।