डिगवाडीह में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत डिगवाडीह बाली लाइन में विवाहिता अंजलि कुमारी का शव घर में फंदे से लटका मिलने के बाद सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि पति आशुतोष कुमार के काम से लौटने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, लेकिन मायके पक्ष ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि अंजलि के शरीर पर चोट के निशान थे और शादी के बाद से उसे प्रताड़ित किया जाता था। मृतका के पिता जय बहादुर ने बताया कि बच्चा नहीं होने को लेकर ससुराल पक्ष अक्सर विवाद करता था। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।