Dhanbad News : 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
Dhanbad News : बरवाअड्डा थाना पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने, परिजनों से मारपीट और आरोपी को बचाने की कोशिश का आरोप, एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग।
Dhanbad News : धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मोराईडीह बस्ती में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि 11 जुलाई की शाम करीब साढ़े पांच बजे राजू महतो नामक युवक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और उसे धमकी भी दी। आरोप है कि थाना में शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इतना ही नहीं, परिजनों का कहना है कि थाना में उनके साथ भी मारपीट की गई और आरोपी को बचाने का प्रयास किया गया। न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता के परिजन धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के आवासीय कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़िता के परिजनों के मुताबिक 11 जुलाई की शाम करीब साढ़े पांच बजे मोराईडीह बस्ती निवासी राजू महतो ने शौच के लिए गई उनकी 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने बच्ची को धमकी भी दी। परिजनों का यह भी आरोप है कि बाद में आरोपी पक्ष की ओर से पीड़िता की शादी का प्रस्ताव देकर मामले को दबाने की कोशिश की गई। परिजनों का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर बरवाअड्डा थाना पहुंचे तो पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। उल्टा थाना कर्मियों द्वारा पीड़िता के पिता और अन्य परिजनों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। उनका कहना है कि पुलिस आरोपी को बचाने का प्रयास कर रही है। न्याय नहीं मिलने पर 12 जुलाई की रात पीड़िता के परिजन धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के आवासीय कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की। परिजनों का दावा है कि घटना के बाद से पीड़िता मानसिक रूप से बेहद परेशान है और आत्महत्या जैसी बातें कर रही है। फिलहाल मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।