Dhanbad News : निरसा में पुलिस और सुपारी किलर के बीच मुठभेड़, पैर में लगी गोली,अस्पताल में भर्ती
Dhanbad News : आनंद वाटिका हाउसिंग सोसाइटी में छिपे होने की सूचना पर स्पेशल टीम ने की छापेमारी, पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शुरू की फायरिंग; घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती
Dhanbad News : धनबाद के निरसा में बुधवार की शाम पुलिस और एक कथित सुपारी किलर के बीच मुठभेड़ हो गई। आनंद वाटिका हाउसिंग सोसाइटी में अपराधी के छिपे होने की सूचना पर धनबाद की स्पेशल टीम ने निरसा पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
तस्वीरें निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी मोड़ के समीप स्थित आनंद वाटिका हाउसिंग सोसाइटी की हैं, जहां बुधवार की शाम अचानक पुलिस की गतिविधियां तेज हो गईं।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से इस सोसाइटी के एक आवास में एक अपराधी के छिपे होने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। सूचना के आधार पर धनबाद की स्पेशल टीम ने निरसा पुलिस के साथ मिलकर संबंधित आवास में छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसी दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के कथित सुपारी किलर सागर उर्फ शिबू के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
घटना के बाद पुलिस ने उस आवास को सील कर दिया है, जहां आरोपी के छिपे होने की बात सामने आई थी। पुलिस की निगरानी में रखे गए इस आवास की फॉरेंसिक जांच की तैयारी की जा रही है। जांच टीम मौके से फायरिंग और आरोपी से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने का प्रयास करेगी।
इधर, मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
वहीं, घायल आरोपी के आपराधिक कनेक्शन को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, सागर उर्फ शिबू के तार नीरज सिंह हत्याकांड से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
वहीं, अन्य सूत्र इस पूरे मामले का कनेक्शन जमशेदपुर से जुड़े होने की बात भी बता रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने और आरोपी के नेटवर्क तथा उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने में लगी है।