Dhanbad News : निरसा में कार-ट्रक की टक्कर के बाद बवाल, दोनों चालकों में मारपीट; ट्रक चालक ने लगाए गंभीर आरोप
Dhanbad News : निरसा में शनिवार की अहले सुबह कार और लोहे की पाइप लदे ट्रक के बीच हुई टक्कर के बाद जमकर विवाद हो गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं दोनों वाहनों के चालकों के बीच मारपीट की स्थिति पैदा हो गई।
Dhanbad News : सूचना मिलते ही निरसा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। इसके बाद ट्रक चालक ने कार में सवार पांच लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर मारपीट, रुपये छीनने और जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है।
Dhanbad News : हालांकि, कार चालक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए ट्रक चालक पर ही टक्कर मारने का आरोप लगाया है।
घटना शनिवार की अहले सुबह करीब तीन बजे की है। बताया जा रहा है कि चिरकुंडा से धनबाद की ओर जा रही एक कार की निरसा बाजार चौक के समीप लोहे की पाइप लदे ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालकों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर निरसा पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अपने कब्जे में लेकर निरसा थाना ले आई।
ट्रक चालक की शिकायत के मुताबिक, कार में सवार पांच लोग पश्चिम बंगाल से ही उसकी गाड़ी का पीछा कर रहे थे। आरोप है कि निरसा बाजार चौक के पास कार को ट्रक के सामने लाकर खड़ा कर दिया गया, जिसके बाद दोनों वाहनों की टक्कर हुई।
ट्रक चालक ने आरोप लगाया कि टक्कर के बाद कार में सवार सभी पांच लोग नीचे उतरे और खुद को फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बताते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। शिकायत में सिर, हाथ और पैर में चोट लगने के साथ ही जेब से करीब 15 हजार रुपये निकालने और जान से मारने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
ट्रक चालक का यह भी आरोप है कि खुद को फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बताने वाले लोग उससे कथित तौर पर जबरन वसूली करने का प्रयास कर रहे थे और विरोध करने पर मारपीट की गई।
वहीं, कार चालक की कहानी इससे बिल्कुल अलग है। कार चालक के अनुसार, वह पश्चिम बंगाल के तारापीठ से पूजा कर अपने साथियों के साथ हजारीबाग लौट रहा था। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने उसकी कार में टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई।
फिलहाल इस पूरे मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। निरसा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारण, मारपीट और लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच कर रही है। जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह महज सड़क दुर्घटना के बाद हुआ विवाद था या इसके पीछे कोई अन्य मामला था।