Dhanbad News : आपसी रंजिश में चली गोलियां, दो लोग घायल, इलाके में पुलिस बल तैनात
Dhanbad News : धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में देर रात दो गुटों के बीच हुई फायरिंग से दहशत, घायलों का इलाज जारी, पुलिस छापेमारी में जुटी
Dhanbad News : धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद में बुधवार देर रात आपसी रंजिश के कारण दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर जांच और छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया है।
धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद इलाके में बुधवार देर रात आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जब दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। रात करीब एक बजे हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल और निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।
घायलों में छाताबाद निवासी नीतीश कुमार यादव शामिल हैं, जिन्हें जांघ में गोली लगी है। उनका इलाज निचितपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। दूसरे घायल व्यक्ति की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात अचानक गोलियों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से चली आ रही आपसी रंजिश के कारण यह विवाद हिंसक रूप में सामने आया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर प्रवीण Kumar, अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम अंसारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी और छापेमारी अभियान शुरू कर दिया।
गुरुवार सुबह ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब भी घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की।
कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि कैलूडीह मैदान के समीप दो गुटों के बीच फायरिंग हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की कोशिश जारी है।
वहीं घायल नीतीश कुमार यादव के पिता किशोरी यादव ने बताया कि उनका बेटा देर रात मवेशियों की निगरानी के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान अचानक चली गोली उसके पैर में लग गई। परिवार का कहना है कि उनका बेटा किसी विवाद में शामिल नहीं था और वह घटना का शिकार बन गया।
फिलहाल पूरे इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।