Giridih News : इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने जरूरतमंद महिलाओं को दिलाया नेत्र उपचार, मोतियाबिंद का कराया ऑपरेशन
Giridih News L इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने स्वास्थ्य सेवा के तहत कराया उपचार, बबली देवी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद किया गया रेफर
Giridih News : इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन द्वारा जरूरतमंद महिलाओं को स्वास्थ्य सहायता प्रदान करते हुए सोनी देवी का मोतियाबिंद का ऑपरेशन करवाया गया, वहीं बबली देवी के नेत्र उपचार में सहयोग करते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर किया गया है।
आर्थिक रूप से असमर्थ सोनी देवी को तत्काल मोतियाबिंद के ऑपरेशन की आवश्यकता थी। क्लब के प्रयास एवं पास्ट प्रेसिडेंट सुमन गौरी सरिया के विशेष सहयोग से रोटरी आई हॉस्पिटल में उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन करवाया गया।
वहीं, करीब एक सप्ताह पूर्व बबली देवी की आंखों की रोशनी अचानक कम होने पर उन्होंने क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला से संपर्क किया। क्लब द्वारा रोटरी आई हॉस्पिटल में उनकी जांच एवं आवश्यक उपचार करवाया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद आगे के बेहतर इलाज के लिए उन्हें धनबाद रेफर किया गया है। प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला उनके आगे के उपचार की व्यवस्था एवं समन्वय कर रही हैं। फिलहाल चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला ने पास्ट प्रेसिडेंट सुमन गौरी सरिया के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा डॉ. तारकनाथ देव को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए उनका सहयोग हमेशा मिलता रहा है।
उन्होंने कहा कि इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन जरूरतमंदों की सहायता एवं इस प्रकार के सेवाभावी कार्यों के लिए हमेशा तत्पर रहता है।
इस अवसर पर पास्ट प्रेसिडेंट सुमन गौरीसरिया,ट्रेजरर रश्मि गुप्ता सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।