Dhanbad News : चिरकुंडा से 111 कांवरियों का जत्था सुल्तानगंज रवाना, ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजा माहौल
Dhanbad News : 19वीं वर्ष की कावड़ यात्रा में भगवान शिव का रूप धरे कांवरिया बने आकर्षण………..
Dhanbad News : 105 किमी पैदल चलकर बाबा वैद्यनाथ को करेंगे जलार्पण…………….
Dhanbad News : सावन महीने की शिवभक्ति पूरे शबाब पर है। धनबाद जिले के विभिन्न इलाकों से बाबा वैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए कांवरियों के जत्थे लगातार सुल्तानगंज रवाना हो रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को चिरकुंडा कांवरिया संघ का 111 श्रद्धालुओं का जत्था पूरे उत्साह और भक्ति के साथ सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ। खास बात यह रही कि भगवान शिव का रूप धरे एक कांवरिया सभी के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
शुक्रवार सुबह चिरकुंडा तीन नंबर चढ़ाई से चिरकुंडा कांवरिया संघ का जत्था “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच रवाना हुआ। पुरुष और महिला श्रद्धालुओं सहित कुल 111 कांवरिया इस यात्रा में शामिल हैं। संघ पिछले 19 वर्षों से लगातार इस धार्मिक यात्रा का आयोजन करता आ रहा है। इस बार भी झारखंड के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे शिवभक्त यात्रा में शामिल हुए हैं।
यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु पहले सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरेंगे। इसके बाद करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण करेंगे। वहीं बाबा बासुकिनाथ धाम में भी पूजा-अर्चना करने के बाद जत्था वापस चिरकुंडा लौटेगा।
भगवा वस्त्रों में सजे कांवरिया भजन-कीर्तन करते हुए और नाचते-गाते अपनी यात्रा पर निकले। भगवान शिव का स्वरूप धारण किए एक कांवरिया श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।